असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती में स्थानीय की उपेक्षा, बिलासपुर में आप करेगा प्रदर्शन

बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। आम आदमी पार्टी ने रेलवे की ओर से असिस्टेंट लोको पायलट की परीक्षा में ज्यादा नंबर प्राप्त करने वाले स्थानीय युवकों के बजाय मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व पंजाब समेत अन्य राज्यों के कम नंबर प्राप्त करने वाले युवकों को नौकरी देने का आरोप लगाया गया है। प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला व जसबीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि रेलवे द्वारा भर्ती नियम में आउटसोर्सिंग नियम का पालन किया जा रहा है। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश के करीब चार सौ युवकों को बिलासपुर जोन में नौकरी दी जा रही है। स्थानीय अभ्यर्थियों के साथ तीन अगस्त को इसके विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा।

आप कार्यकर्ता जसबीर सिंह ने कहा कि रेलवे भर्ती 2018 में फिर से भर्ती की प्रक्रिया को अपनाते हुए केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, गोरखपुर के साथ ही मध्य प्रदेश के अभ्यर्थियों को वन आरआरबी वन कैंडिडेट नियम का स्वयं से उल्लंघन करते हुए आउटसोर्सिंग करने में लगी है। यह बहुत आपत्तिजनक है। वर्ष 2018 से अभ्यार्थी चुप हो गए थे, क्योंकि बिलासपुर जोन के आरआरबी कटआफ 67.8 प्रतिशत था।

लेकिन, अन्य राज्य के कटआफ अलग- अलग, जैसे ओडिशा का 63 कटआफ था। ऐसे में जब वर्तमान में फिर से भर्ती की जा रही है तो प्राथमिकता राज्य के युवाओं व अभ्यर्थियों को मिलनी चाहिए थी। इसके विपरीत छत्तीसगढ़ के युवाओं को ये मौका न मिलकर ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि जगह के युवाओं को नौकरी दे रहे हैं। राज्य सरकार भी चुप्पी साधे हुई है।

होगा उग्र आंदोलन

केंद्र सरकार की ओर से अग्निपथ के माफिक आंदोलन करने और सड़क की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। समय रहते मांगांे को नही माना गया तो तीन अगस्त को आम आदमी पार्टी की अगुआई में छत्तीसगढ़ के युवाओं व अभ्यर्थियों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *