श्रमिकों की नाराजगी: छत्तीसगढ़ में साइकिल और औजार योजना बंद, नवीनीकरण पर भी संकट

रायपुर / 03 अप्रैल 2025: छत्तीसगढ़ के श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को लेकर श्रम कार्ड धारकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। श्रमिकों का कहना है कि साइकिल योजना और औजार योजना पिछले कुछ सालों से बंद कर दी गई हैं, जबकि कई श्रमिकों ने एक साल पहले इन योजनाओं के लिए आवेदन किया था। योजना निरीक्षक द्वारा आवेदन स्वीकृत होने के बावजूद उनके खातों में अब तक राशि जमा नहीं हुई है। इससे निराश होकर कई श्रमिकों ने अपने श्रम कार्ड का नवीनीकरण भी नहीं कराया। उनका सवाल है कि जब सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता, तो च्वाइस सेंटर जाकर समय और पैसा बर्बाद करने का क्या फायदा?

श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार नवीनीकरण को लेकर कोई प्रचार-प्रसार नहीं कर रही। वर्ष 2015 से 2019 के बीच कार्ड बनवाने वाले लाखों मजदूरों के लिए नवीनीकरण की सुविधा बंद कर दी गई है, जिससे वे अब सरकारी योजनाओं से वंचित हो रहे हैं। श्रमिकों की मांग है कि सरकार को योजनाओं के पंजीकरण और नवीनीकरण का व्यापक प्रचार करना चाहिए। साथ ही, नवीनीकरण के लिए समयसीमा बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि लाखों मजदूर पुनः श्रम विभाग से जुड़ सकें और योजनाओं का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *