गंगरेल डैम का गेट खुलने से शिवरीनारायण में बाढ़ जैसे हालात, SDRF के साथ बोट-नाव तैनात

शिवरीनारायण: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में लगातार हो रही बारिश अब बड़ी मुसीबत बन गई है। रायपुर से लेकर रायगढ़ और जांजगीर-चांपा से लेकर बस्तर तक हालत बिगड़े हुए हैं। रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पामगढ़ में अस्पताल डूब गया है। प्रदेश की सबसे प्रमुख नदी महानदी के किनारे बसे गांव डूबने की कगार पर हैं। ऐसे में उन्हें खाली करा लिया गया है। लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है। जांजगीर चांपा के कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने बाढ़ को लेकर अधिकारियों की मीटिंग बुलाई. बैठक में सभी अधिकारियों को गंगरेल बांध से गेट खुलने के बाद पैदा होने वाली स्थिति के बारे में बताया गया. जांजगीर चांपा में जिला प्रशासन ने निचले इलाकों को खाली कराने का फैसला लिया है.

3 दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से महानदी का जल स्तर बढ़ गया है.कई इलाके टापू में तब्दील हो गए हैं. खेत के बाद घरों में पानी घुसने लगा है. बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आज गूगल मीट के जरिये संबंधित अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक की. जिले में हो रही लगातार बारिश और बाढ़ के संभावित खतरों से निपटने को लेकर तैयारियां की गई

गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद शिवरीनारायण सहित महानदी किनारे के आसपास इलाकों में पानी का स्तर बढ़ गया है. इसके आसपास रहने वाले लोगों को राहत शिविर में पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. कलेक्टर ने गंगरेल बांध से गेट खोले जाने के बाद स्थिति से निपटने की तैयारियों पर चर्चा की है. कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने एहतियात के लिए संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराने, गोताखोरों को तैनात रखने, राहत-बचाव के लिए बोट और नाव तैयार रखने के निर्देश दिए हैं.आपदा से निपटने के लिए पुलिस को अलर्ट पर रखा गया : पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने राहत और बचाव के आवश्यक प्रबंध के निर्देश देते हुए सुबह से ही सभी को सचेत रहकर कार्य करने के निर्देश दिए. उन्होंने पुलिस बल को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.

एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया: जांजगीर चांपा में एनडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है. ताकि 16 अगस्त की स्थिति से निपटा जा सके. क्योंकि मंगलवार को गंगरेल बांध के कई गेट खोले जाएंगे. जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने और मदद पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. यह नंबर 9424164556, और 07817-222032 है

पामगढ़ CHC जलमग्न, वार्डों सहित पूरे परिसर में भरा पानी
जांजगीर में लगातार बारिश के चलते चलते पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी भर गया है। अस्पताल में दर्जन भर से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। परिसर सहित सभी वार्डों में पानी भर गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। इसके कारण जगह-जगह से बारिश का पानी रिस रहा है। गंदगी और बदबू की वजह से भी मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। मरीजों के साथ अन्य लोगों को भी बरसाती बीमारियों होने का खतरा मंडरा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि शिकायत के बाद भी नहीं सुनी जा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *