खजुरानी ग्राम के डॉ. मनीष शर्मा की NCERT नई दिल्ली में नियुक्ति, ग्राम में हर्षोल्लास

जैजैपुर :- खजुरानी ग्राम के प्रसिद्ध पंडित स्वर्गीय घनश्याम शर्मा महाराज के पौत्र डॉ. मनीष शर्मा की राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT), नई दिल्ली में शैक्षिक प्रशासन के लिए नियुक्ति पर पूरे ग्राम में आनंदोत्सव मनाया जा रहा है।

डॉ. मनीष शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा खजुरानी से प्राप्त की। इसके पश्चात बिलासपुर के वेंकटेश मंदिर में आचार्य स्वामी श्री निवासाचार्य गुरुजी के मार्गदर्शन में माध्यमिक शिक्षा पूर्ण की। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी से व्याकरण शास्त्र में शास्त्री और आचार्य की उपाधि प्राप्त की। परंपरागत गुरुकुल पद्धति से अध्ययन के साथ-साथ उन्होंने 2015 में UGC NET परीक्षा उत्तीर्ण की और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से व्याकरण शास्त्र में Ph.D. की उपाधि प्राप्त की।

वर्तमान में डॉ. शर्मा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्रीरघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, वे छत्तीसगढ़ संस्कृत शिक्षा संस्थान के सचिव के रूप में निःशुल्क रूप से संस्कृत के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक अनुभव और समर्पण के फलस्वरूप ही NCERT, नई दिल्ली में उनकी नियुक्ति हुई है।

खजुरानी ग्रामवासियों सहित उनके गुरुजनों ने डॉ. मनीष शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, अपितु पूरे ग्राम और संस्कृत शिक्षा जगत के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *