लेमरू थाना क्षेत्र की लापता युवती पुणे से सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा गया

कोरबा :— लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदारी चिंगार (ग्राम पंचायत डोकरमना) निवासी फते सिंह पोर्ते की 20 वर्ष 9 माह की बेटी, जो 12वीं कक्षा की छात्रा थी, अचानक लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट लेमरू थाना में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि वह किसी कार्य से रायपुर गई थी, परंतु जुलाई-अगस्त 2024 से उसका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया था।

पुलिस ने युवती की तलाश के लिए कई प्रयास किए। साइबर सेल कोरबा के सहयोग से युवती के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रैक कर जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि युवती महाराष्ट्र राज्य के पुणे जिले के हिंजवड़ी थाना क्षेत्र में है।

लेमरू पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंजवड़ी पहुंचकर युवती को सकुशल बरामद किया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद युवती को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इस सफलता के लिए लेमरू पुलिस व साइबर सेल की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *