बिलासपुर :— सुशासन तिहार 2026 के तहत जोन क्रमांक 3 के नर्मदा नगर सामुदायिक भवन में आयोजित समाधान शिविर में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने पर विशेष फोकस किया गया। शिविर में श्रमिक पंजीयन, श्रम कार्ड निर्माण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से संचालित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की सराहना की। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें श्रमिक वर्ग को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
शिविर में श्रम विभाग द्वारा असंगठित श्रमिकों का पंजीयन, निर्माण श्रमिकों को मिलने वाली सहायता योजनाओं की जानकारी, एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की गई। कई श्रमिकों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
नर्मदा नगर में आयोजित शिविर में कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों की भी संख्या रही। प्राप्त आवेदनों में से 9 प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
शिविर में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र एवं चेक भी वितरित किए गए। इस दौरान नागरिकों को श्रमिक हितों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
आगामी शिविर की जानकारी देते हुए बताया गया कि 6 मई को जोन क्रमांक 4 के वार्ड 23 एवं 24 के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मगरपारा में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा।

