छत्तीसगढ़ :— केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, विधानसभा कवर्धा, जिला कबीरधाम में आयोजित जिला स्तरीय साहू समाज के शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम में समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने दायित्व ग्रहण किया।
इस अवसर पर श्री तोखन साहू ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साहू समाज का इतिहास सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव पर आधारित रहा है। मां कर्मा एवं मां राजीम के आदर्श आज भी समाज को कर्म, परिश्रम और लोककल्याण के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब संगठन मजबूत हो और युवा पीढ़ी सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ सामाजिक एकता और समरसता को और सुदृढ़ करेंगे।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

