बिलासपुर :— शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाड़ी में 25 जून 2026 को कक्षा 11वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले तथा आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। यह सराहनीय पहल विद्यालय के व्याख्याता (जीव विज्ञान) एवं प्रभारी इको क्लब सुनील शर्मा द्वारा की गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिनेश पटेल (व्याख्याता, हिंदी) ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र खोबरागड़े, श्रीमती वर्तिका सिंह, सीताराम आयंगर, श्रीमती आशा पटेल, संतोष तिवारी, रेशम लाल मैत्री, खिलेश्वर साहू (व्याख्याता), मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक विजेंद्र पाल सिंह तथा शिवलाल प्रकाशन से ताराचंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा ने कहा, “यदि हम जीवन में पुस्तकों से दोस्ती करेंगे, तो वे हमारे ज्ञान और सर्वांगीण विकास की सबसे बड़ी सहायक बनेंगी।” उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने का आह्वान किया, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

