चांपा : स्थानीय विश्वकर्मा मंदिर में छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के प्रमुख प्रदेश पदाधिकारियों एवं जांजगीर-चांपा जिला इकाई के सदस्यों ने शिरकत की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सदस्यता अभियान को गति देना तथा आगामी नवंबर माह (20 से 30 नवंबर के मध्य) में परिचय सह सम्मान समारोह एवं पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन करना रहा। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सदस्यता अभियान को पूरे जिले में जोर-शोर से चलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि संघ एक आदर्श परिवार की तरह है और समाज हित में एकजुट होकर कार्य करना ही इसका मुख्य ध्येय है। प्रदेश महासचिव भूपेंद्र पांडे ने संगठन में पूर्ण पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य करने पर बल दिया। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विशेष सलाहकार देवदत्त तिवारी ने पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज को सशक्त बनाने का माध्यम है; जोखिम भरे इस क्षेत्र में हमारी एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है।
इस बैठक में प्रदेश संगठन सचिव ‘छोटा भाई’, जांजगीर-चांपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व संरक्षक चित्रभानु पांडे, जिलाध्यक्ष रितेश मोदी, जिला महासचिव राकेश शर्मा, संभागीय सदस्य हेमंत निर्मलकर, कोषाध्यक्ष विनय अग्रवाल, सक्रिय सदस्य वासु सोनी, सूर्यनारायण मिरी, बम्हनीडीह ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी तथा अकलतरा ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश धिरही सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

