बिलासपुर :— सरकंडा थाना क्षेत्र में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट एवं लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रितेश देवांगन नामक युवक, जो कि ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत है, अपने कार्यालय से पार्सल लेकर डिलीवरी हेतु निकला था।
इसी दौरान हर्ष हेवन्स के पास अभिन्नव शुक्ला नामक युवक अपने 4–5 साथियों के साथ पहुंचा और रितेश को रोक लिया। आरोपियों द्वारा उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा उसका मोबाइल फोन लूट लिया गया। घटना के पश्चात सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित रितेश देवांगन को घटना में चोटें आई हैं तथा वह भयभीत अवस्था में है। घटना के संबंध में सरकंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी गई है।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में इस प्रकार की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

