बिलासपुर :— न्यायधानी बिलासपुर में कल 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर सेवादार परशुराम समिति द्वारा एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज सहित सर्व समाज के हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ निर्धारित स्थल पर भगवान परशुराम की विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ।
यात्रा में भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवा और शस्त्र प्रदर्शन ने लोगों का मन मोह लिया।
डीजे और धुमाल की थाप पर थिरकते श्रद्धालु और ‘जय परशुराम’ व ‘जय श्री राम’ के गूंजते नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा और शरबत-पानी के स्टाल लगाकर भव्य स्वागत किया गया।
सेवादार परशुराम समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, शांति और भगवान परशुराम के आदर्शों का प्रचार-प्रसार करना है। समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी स्वयंसेवकों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया है।
शाम को महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

