बिलासपुर / शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस के दिग्गज पदाधिकारी व कार्यकर्ता राजधानी रायपुर में केंद्र सरकार की नीतियों की खिलाफत करते हुए हल्ला बोलेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशभर के जिला व शहर अध्यक्षों को पत्र लिखकर प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को अनिवार्य किया है।
इसके पश्चात राजभवन का घेराव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश के बाद आज कांग्रेस भवन में शहर व जिला कांग्रेस कमेटी की मीटिंग तय की गई है। संयुक्त रूप से होने वाली मीटिंग में रायपुर कूच करने के संबंध में चर्चा होगी व जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। जिन पदाधिकारियों के पास अपना खुद का वाहन है वे अपने साथ कार्यकर्ताओं को लेकर जाएंगे। इसके अलावा वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी।कांग्रेसी राजभवन की ओर रवाना होंगे। धरना प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकामविशेषरूप से उपस्थित रहेंगे । शहर अध्यक्ष विजय पांडेय व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी,अग्निपथ योजना,आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाने के विरोध में पांच अगस्त को प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इनकी रहेगी मौजूदगी
शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक आंबेडकर चौक पहुंचने के निर्देश पीसीसी ने जारी किए हंै। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि शुक्रवार को सुबह छह बजे के करीब कांग्रेस के पदाधिकारी व दिग्गज सड़क मार्ग के जरिए रायपुर के लिए कूच करेंगे। कुछ दिग्गज पदाधिकारी आज ही रायपुर रवाना हो जाएंगे। पीसीसी द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बैनर तले पांच अगस्त को सुबह 11.00 बजे अंबेडकर चौक रायपुर में प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पदाधिकारी, सांसद, विधायक, मंडल, आयोग, बोर्ड के पदाधिकारी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ,पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, जिला कार्यकारिणी, शहर कार्यकारिणी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, पार्षद, एमआइसी सदस्य, जिला, जनपद, नगर पंचायत, नगर निगम, नगर पालिका के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, एल्डरमैन, सभी ब्लाक कांग्रेस कमेटी, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआइ, आइटी सेल, इंटरनेट मीडिया विभाग ,प्रकोष्ठ, मोर्चा, अनुषांगिक संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को अनिवार्य किया है

