जैजैपुर :— ग्राम पंचायत खजुरानी में रीपा (RIPA) योजना के तहत निर्मित फ्लाई एश ब्रिक्स इकाई को पंचायत को हस्तांतरित न किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। मामले में ठोस कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत जैजैपुर के समक्ष अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
कार्यालय ग्राम पंचायत खजुरानी के सरपंच गणराज सिंह चन्द्रा द्वारा 10 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत जैजैपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को एक लिखित आवेदन सौंपा गया था।
आवेदन में उल्लेख किया गया था कि रीपा योजना के तहत बनी फ्लाई एश ब्रिक्स इकाई को अब तक ग्राम पंचायत को नहीं सौंपा गया है।
इस संबंध में पंचायत द्वारा पूर्व में भी कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
ग्राम सचिव एवं जनपद कार्यालय द्वारा संबंधित पक्ष को बार-बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद कोई परिणाम नहीं निकला।
बार-बार ध्यानाकर्षण के बाद भी समाधान न होने पर ग्राम वासियों ने 12 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर सक्ती, CEO जिला पंचायत सक्ती, तहसील कार्यालय जैजैपुर/भोथिया एवं थाना प्रभारी जैजैपुर को भी भेजी गई थी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 12 अगस्त 2026 को भोजराम कर्ष एवं अन्य ग्रामवासी जैजैपुर जनपद पंचायत कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण तरीके से धरना व भूख हड़ताल पर बैठ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत जैजैपुर के सीईओ तथा जिला पंचायत सक्ती के जिला सीईओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने मामले की जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी ग्रामवासी एवं उपस्थित महिलाएं तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ी रहीं। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि:
जब नए सरपंच की नियुक्ति हो चुकी है, तो पंचायत का संपूर्ण प्रभार एवं फ्लाई एश ब्रिक्स इकाई तत्काल प्रभाव से नए सरपंच को सौंपी जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण जिला सीईओ के समक्ष हाथ जोड़कर बार-बार अपनी मांगों के निस्तारण का निवेदन करते रहे। जिला पंचायत सक्ती के सीईओ ने पुनः आश्वस्त किया है कि जांच प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र अति शीघ्र नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

