रायपुर :— राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने PV ऐप की व्यावहारिक समस्याओं का निराकरण नहीं होने और पटवारियों पर की जा रही दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की सूचना दी है।
संघ ने संचालक, भू-अभिलेख नवा रायपुर को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि PV ऐप के माध्यम से कराए जा रहे फसल के भौतिक सत्यापन कार्य में आ रही विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं से पूर्व में शासन एवं विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज पर्यंत कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन, किसान पंजीयन, बकेट क्लेम, जनगणना प्रथम चरण, पशु सिंचाई गणना, रेलवे सर्वे, एनएच सर्वे, आय-जाति-निवास, स्वामित्व योजना, सेवा संकल्प शिविर, प्रोटोकॉल इत्यादि कार्यों को प्राथमिकता से किया जा रहा है, उसके बावजूद PV ऐप के बहिष्कार के कारण बलौदाबाजार जिले में पदाधिकारियों का ट्रांसफर, कारण बताओ नोटिस और महासमुंद जिले में पटवारियों को निलंबित किया गया है, जो अत्यंत खेदजनक है।
संघ ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पटवारियों को PV ऐप के अलावा और कोई कार्य नहीं करना चाहिए था, इस तरह के पूर्वाग्रह से ग्रस्त द्वेषपूर्ण आदेश की राजस्व पटवारी संघ घोर निंदा करता है तथा ऐसी कार्यवाहियों को तत्काल शून्य करने की मांग की है।
यह ज्ञापन आयुक्त भू-अभिलेख अटल नगर रायपुर में 12/10/26 को आवक शाखा में प्राप्त हुआ है।

