जांजगीर :— जांजगीर श्रम कार्यालय में नए श्रम पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने पर आजाद पात्रे का छत्तीसगढ़ मजदूर शक्ति संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़वाल एवं प्रदेश महामंत्री संतोष मिश्रा ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नए कार्यकाल की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सौजन्य मुलाकात के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने जिले के श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारियों ने श्रम विभाग की विभिन्न हितग्राही योजनाओं, नए श्रमिक पंजीयन, पंजीयन नवीनीकरण एवं आवेदनों में संशोधन से जुड़े लंबे समय से लंबित (पेंडिंग) प्रकरणों की ओर ध्यान आकर्षित कराया। संघ ने इन सभी आवेदनों के त्वरित निराकरण की मांग की, ताकि श्रमिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
संघ की बातों को गंभीरता से सुनते हुए श्रम पदाधिकारी आजाद पात्रे ने आश्वस्त किया कि विभाग में लंबित सभी आवेदनों की जांच कर जल्द से जल्द उनका निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पात्र श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

