बिलासपुर :— छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ ही कृषि और जनसमस्याओं को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता झगरराम सूर्यवंशी ने प्रदेश में खाद की भारी किल्लत, अघोषित बिजली कटौती और बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार और राज्य की साय सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लचर प्रशासनिक व्यवस्था के कारण आज किसान और आम जनता दोनों बुरी तरह परेशान हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता झगरराम सूर्यवंशी ने कहा कि खेती-किसानी का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश सोसायटियों और बाजारों से खाद (उर्वरक) गायब है। किसानों को मजबूरन महंगे दामों पर ब्लैक में खाद खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने केंद्र और साय सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “डबल इंजन सरकार का दावा करने वाले आज किसानों को समय पर खाद-बीज तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। खाद की यह किल्लत सरकारी कुप्रबंधन का जीता-जागता सबूत है।”
कृषि संकट के साथ-साथ बिजली की समस्या को लेकर भी सूर्यवंशी ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती का दौर जारी है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग त्रस्त हैं। एक तरफ जहां लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ बिजली के भारी-भरकम बिल भेजकर आम जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है।
झगरराम सूर्यवंशी ने साय सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई और अघोषित बिजली कटौती व मनमाने बिजली बिलों पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। जनता और किसानों के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन किया जाएगा।

