जैजैपुर :— विकासखंड जैजैपुर के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का नियमित संधारण नहीं होने से शिक्षकों को सेवा संबंधी कार्यों एवं अभिलेखों को लेकर लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, ब्लॉक इकाई जैजैपुर द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष लोचन प्रसाद चंद्रा के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जैजैपुर को दिनांक 24 अगस्त 2026 को ज्ञापन सौंपा गया।
एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि विकासखंड जैजैपुर के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का नियमित एवं अद्यतन संधारण नहीं होने के कारण सेवा संबंधी प्रविष्टियों, अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक कार्यों के समय अनेक प्रकार की कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। इस संबंध में संगठन द्वारा पूर्व में भी बीईओ कार्यालय में कई बार मौखिक रूप से निवेदन किया जा चुका है, बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
संगठन ने मांग की है कि संबंधित शिक्षकों की सूची के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज मंगाकर 30 अगस्त 2026 तक विकासखंड स्तर पर जांच एवं आवश्यक कार्यवाही पूर्ण की जाए तथा 15 सितंबर 2026 तक लेखा संपरिक्षक से सत्यापन कराया जाए।
एसोसिएशन का कहना है कि सेवा पुस्तिका प्रत्येक शिक्षक के सेवाकाल का महत्वपूर्ण शासकीय अभिलेख है। इसमें नियुक्ति, पदोन्नति, वेतन निर्धारण, सेवा अवधि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सेवा संबंधी प्रविष्टियां दर्ज होती हैं। इसलिए इसका नियमित एवं व्यवस्थित संधारण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षक हित एवं प्रशासनिक पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में सेवा पुस्तिकाओं के संधारण एवं सत्यापन का कार्य पूर्ण किया जाए। निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही नहीं होने की स्थिति में संगठन द्वारा शिक्षक हित में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान *छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ब्लॉक इकाई जैजैपुर के ब्लॉक अध्यक्ष लोचन प्रसाद चंद्रा, सचिव लोकेश्वर चंद्रा, भागीरथी चंद्रा कोषाध्यक्ष, उत्तम चंद्रा,इंद्र कुमार खुटियारे, श्रीमती चितरंजू चंद्रा, रामेश्वर चंद्रा एवं फिरतू यादव* सहित संगठन के पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
*छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ब्लॉक इकाई जैजैपुर*

