लोरमी, मुंगेली :— छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा आयोजित 12 दिवसीय सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन दिनांक 14 मार्च को सफलतापूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान की संयुक्त पहल के अंतर्गत संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में सूक्ष्म उद्यमों को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे व्यवसाय चयन, परियोजना निर्माण, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीति, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा स्वरोजगार के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक गतिविधियों, समूह चर्चा एवं केस स्टडी के माध्यम से उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यमंत्री के विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करना है, जिसके तहत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्रमुख लक्ष्य है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागियों एवं युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वरोजगार की दिशा में सकारात्मक पहल करने का संकल्प लिया।
समापन अवसर पर अतिथियों ने प्रतिभागी उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में उद्यमिता संस्कृति को बढ़ावा देने तथा आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

