सूरजपुर :— जिले के ग्राम द्वारिका नगर (कोरवा पारा, वार्ड नंबर 12) में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ छेरछेरा त्यौहार के दिन आपसी विवाद में साले और ससुर ने मिलकर अपने ही दामाद की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में मृतक का भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे मृतक राम लल्लू (पिता पुजेरी) पर उसके साले भोले पैकरा (पिता ठाकुर पैकरा) और ससुर ने अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ बाहरी गुंडों के साथ घर में घुसे और राम लल्लू पर लाठी व टंगिया (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में राम लल्लू बुरी तरह लहूलुहान होकर अधमरा हो गया था। परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान कुछ ही घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए मृतक के भाई को भी चोटें आई हैं।
इस नृशंस हत्याकांड के बाद से पूरे द्वारिका नगर और कोरवा पारा में शोक का माहौल है। त्यौहार के दिन हुई इस वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर देखा जा रहा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।

