सक्ती / जैजैपुर :— ग्राम पीहरिद (मालखरौदा) के होनहार छात्र आशुतोष त्रिवेदी पिता चंद्रभूषण त्रिवेदी माता चांदनी त्रिवेदी ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आशुतोष का चयन भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) में MBBS पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।
आशुतोष बचपन से ही मेधावी और परिश्रमी छात्र रहे हैं। आशुतोष कि पढ़ाई 6 से 12तक नवोदय विद्यालय चिस्दा में हुआ।एक शिक्षक परिवार से आने वाले आशुतोष के पिता चंद्रभूषण त्रिवेदी स्वयं एक शिक्षक हैं जो कि जैजैपुर ब्लाक के मुक्ता स्कूल मे पदस्थ है, जिन्होंने अपने पुत्र को संस्कार और शिक्षा दोनों का महत्व सिखाया। आशुतोष की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों का मार्गदर्शन है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS में चयन होना आसान नहीं है, लेकिन आशुतोष ने यह साबित कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं। उनके चयन की खबर मिलते ही ग्राम पीहरिद सहित पूरे मालखरौदा और जैजैपुर अंचल में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस उपलब्धि पर समस्त क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवा साथियों ने आशुतोष को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आशुतोष डॉक्टर बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगे और क्षेत्र का नाम और ऊंचा करेंगे।
गुरुजनों ने कहा कि आशुतोष जैसे छात्र अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके परिजनों ने भी सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया है।

