बिलासपुर :— मानसून की सक्रियता के साथ ग्रामीण अंचलों में धान रोपाई का काम तेज हो गया है। खेतों में पर्याप्त पानी होने के बाद किसान परिवार सहित मजदूरों के साथ धान की रोपाई में जुट गए हैं। बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्रों के खेतों में सुबह से ही किसान और मजदूर धान के पौधे रोपते नजर आ रहे हैं।
किसान-मजदूर पानी से लबालब धान के खेतों में कतारबद्ध होकर रोपाई करते दिखाई दे रहे हैं। कई मजदूर सिर पर धान की पौध लेकर खेतों तक पहुंचा रहे हैं, वहीं महिलाएं और पुरुष घुटने तक पानी व कीचड़ में खड़े होकर पौधों की रोपाई कर रहे हैं।
मानसून की बारिश किसानों के लिए धान की खेती के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खेतों में पानी भरने के बाद रोपाई का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। धान की रोपाई प्रति एकड़ 7000 से 7500 हजार तक पहुंच गया है।ग्रामीण इलाकों में बारिश के बीच खेतों में काम करते किसानों की मेहनत और हरियाली का यह दृश्य गांव की कृषि संस्कृति और किसानों के परिश्रम को दर्शाता है।

