मस्तूरी/बिलासपुर :— तहसील मस्तूरी के अंतर्गत ग्राम बेदपरसंदा में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे न केवल गरीब ग्रामीणों की जमीन हड़प रहे हैं, बल्कि विरोध करने पर मारपीट और प्रताड़ना का सहारा भी ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहाँ पीड़ित रविनंदन उर्फ रवि कैवर्त
ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध निर्माण और राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत की शिकायत लेकर कलेक्टर जनदर्शन का दरवाजा खटखटाया है।
पीड़ित रविनंदन ने बताया कि ग्राम बेदपरसदा के खसरा नंबर 162/1 में उसकी पुश्तैनी जमीन स्थित है। आरोप है कि पड़ोस की भूमि स्वामी अनीता बाई, पुनीता बाई, सुकिता बाई और सरिता बाई द्वारा उसकी जमीन के 50 डिसमिल हिस्से पर जबरन कब्जा कर मकान का निर्माण किया जा रहा है।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने इस अवैध निर्माण को रोकने की कोशिश की, तो उसके साथ मारपीट की गई। आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ने कहा है कि
स्थानीय तहसीलदार और पटवारी की मिलीभगत से उसकी जमीन हड़पने की साजिश रची जा रही है।
तहसीलदार द्वारा उसे स्थगन आदेश देने के बजाय कब्जा करने वालों का साथ दिया जा रहा है।
पीड़ित के अनपढ़ होने का फायदा उठाते हुए पटवारी ने जबरन सीमांकन प्रतिवेदन पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए हैं।
पीड़ित रविनंदन ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला, तो उसे भारी आर्थिक और मानसिक क्षति उठानी पड़ेगी।

