एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, पुलिस कर रही खोजबीन

जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के 3 लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। गुरूवार सुबह जब पड़ोसी उनके घर पहुंचा तो वहां घर में माता-पिता और युवती की लाश एक ही कमरे में लहुलूहान हालत में पड़ी हुई थी। हत्या की सूचना पर जशपुर SP डी रविशंकर, ASP उमेश कश्यप और SDOP राजेंद्र सिंह परिहार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

वारदात देवी डडगांव पंचायत के ग्राम कदमटोली में विजयादशमी के दिन हुई। जहां अर्जुन तेंदुआ (43 वर्ष) अपनी पत्नी फिरनी तेंदुआ (40 वर्ष) और बेटी संजना (19 वर्ष) के बुधवार रात घर में सोया था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर तीनों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। तीनों के शरीर पर धारदार हथियार से मारे जाने के गंभीर घाव मिले हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश या कोई विवाद हो सकता है। फिलहाल हत्या की वजहों का पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है, जल्द ही हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में होगा। पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे किसी जान-पहचान के व्यक्ति का ही हाथ होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *