सक्ति जिले में युवा कांग्रेस को नई जिम्मेदारी: अंकित गौरहा बने जिला प्रभारी



सक्ति :— भारतीय युवा कांग्रेस के संगठन विस्तार के तहत अंकित गौरहा को सक्ति जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा की अनुशंसा पर की गई है।

अंकित गौरहा की इस जिम्मेदारी से जिले में युवा कांग्रेस को नई ऊर्जा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में युवाओं को पार्टी से जोड़ने, संगठन को मजबूत करने तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य अधिक प्रभावी ढंग से होगा।

नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए अंकित गौरहा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मुझे सौंपी गई इस जिम्मेदारी को मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊंगा। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।”

उन्होंने आगे बताया कि जल्द ही नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव तथा जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात कर संगठन का विस्तार करेंगे। साथ ही भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की योजना भी बनाई जाएगी।

यह नियुक्ति युवा कांग्रेस के लिए सक्ति जिले में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो संगठन को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *