भाजपा कार्यालय में बजट पर प्रेस वार्ता, विकासोन्मुख और रोजगारपरक बजट पर मंत्रियों ने रखे विचार

बिलासपुर :—भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, महापौर पूजा विधानी, मंत्री अमर अग्रवाल सहित अन्य मंत्रियों ने केंद्र बजट को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान बजट को विकास बजट बताते हुए इसे “विकसित भारत के संकल्प” की दिशा में अहम कदम करार दिया गया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह बजट देश और राज्य दोनों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 20,000 पर्यटन स्थलों के विकास की संभावनाओं को देखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में ई-बस सेवा शुरू करने की योजना रखी गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बजट के माध्यम से एक मजबूत आर्थिक नीति का निर्माण किया गया है।

इसके बाद मंत्री अमर अग्रवाल ने वित्तीय प्रावधानों पर बात रखते हुए कहा कि यह बजट देश को विकसित राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के समावेश पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे प्रशासन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि विदेशी निवेश को आकर्षित करने के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि यह बजट उत्पादन बढ़ाने और रोजगार सृजन पर केंद्रित है, जिससे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट के प्रभाव से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में तेजी से विकास करेगा और राज्य की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।

प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र बजट से जुड़े विभिन्न प्रावधानों पर भी चर्चा की गई और इसे राज्य के विकास के लिए लाभकारी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *