बिलासपुर :— सालों से अधूरा पड़ा सूर्या चौक, चिंगराज पारा स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर अब भव्य रूप में तैयार हो गया है। लगभग 15–20 वर्ष पूर्व मोहल्लेवासियों द्वारा मेन रोड पर इस मंदिर की स्थापना की योजना बनी थी। आपसी सहयोग से निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन बीच में रुकने के कारण केवल ढांचा ही तैयार हो सका
मुस्लिम युवक की पहल से पूरी हुई अधूरी मुराद
सूर्या चौक निवासी मुस्लिम युवक मुसरफ खान के मन में हमेशा यह भावना रही कि मंदिर को पूरा कराया जाए। हालांकि, हिन्दू धर्म और मंदिर निर्माण की परंपराओं की जानकारी न होने के कारण वह कदम नहीं उठा पा रहे थे। बाद में उन्होंने मूर्ति स्थापना और निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की।
पार्षद और समाज का सहयोग
निर्माण के लिए धन की कमी सबसे बड़ी बाधा थी। इस दौरान चिंगराज पारा की पार्षद रेखा सूर्यवंशी ने आर्थिक और अन्य मदद का आश्वासन दिया। मुसरफ खान की निष्ठा देखकर स्थानीय हिन्दू समाज ने भी आर्थिक और शारीरिक सहयोग दिया।
बीजेपी नेता राजू सोनकर ने टाइल्स और पेंट का खर्च उठाया।
स्टील रेलिंग के लिए कान्हा स्टील ने मदद की।
मूर्ति की व्यवस्था बंधवा पारा के वैष्णव परिवार ने अपने दिवंगत सदस्य स्व. लछमण वैष्णव की स्मृति में की, जिसके लिए मूर्ति जबलपुर से लाई गई।
भव्य प्राण-प्रतिष्ठा
सावन मास के अंतिम दिन पूरे विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर न केवल मोहल्लेवासियों, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने भी भाग लेकर भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

